लोकवाहिनी, संवाददाता:ढेकियाजुली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को असम में 2 जन सभाओं को संबोधित किया। अमित शाह ने सोनितपुर जिले के ढेकियाजुली विधानसभा क्षेत्र में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा ने 10 साल पहले असम में घुसपैठियों को रोकने का वादा किया था और उस वादे को निभाया। भाजपा सरकार ने पिछले 10 वर्षों में असम में घुसपैठ को रोका है, लेकिन यह पर्याप्त नहीं है, क्योंकि प्रत्येक अवैध प्रवासी को उनके देशों में वापस भेजा जाना चाहिए।
वहीं नलबाड़ी में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा सरकार आने वाले दिनों में असम में भी समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लाकर चार शादियों पर प्रतिबंध लगाने वाली है। उन्होंने कांग्रेस पर वोटबैंक की राजनीति के लिए राज्य के डेमोग्राफिक्स को बदलने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार अगले पांच सालों में हर घुसपैठिए की पहचान करके उसे देश से निकाल देगी।
शाह ने कहा, “वोट बैंक के लालच में, कांग्रेस पार्टी ने असम के पूरे डेमोग्राफिक्स को बदल दिया। धुबरी और उसके आसपास के 9 जिले अब घुसपैठियों से भरे हुए हैं।” उन्होंने आगे आरोप लगाया कि पिछली कांग्रेस सरकारों ने दशकों तक अवैध घुसपैठ की अनुमति दी थी। शाह ने कहा, “कांग्रेस सरकार ने सालों तक असम के अंदर घुसपैठियों के लिए दरवाजे खोल रखे थे। हमारे मुख्यमंत्री, हिमंत बिस्वा सरमा ने बॉर्डर बंद कर दिए हैं और घुसपैठियों द्वारा कब्जा की गई 1.25 लाख एकड़ जमीन वापस ले ली है।”
भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने घुसपैठियों को संरक्षण देने के लिए राज्यों में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का विरोध किया है। भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि असम प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई घुसपैठियों को संरक्षण देना चाहते हैं। शाह ने गोगोई से इस मुद्दे पर अपना रुख स्पष्ट करने को कहा। शाह ने आरोप लगाया, “कांग्रेस ने अपने शासनकाल के दौरान देश की सुरक्षा को गंभीरता से नहीं लिया और पाकिस्तान से आए आतंकवादियों को हमारे देश में लोगों की हत्या करने की खुली छूट दी।”
शाह ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आतंकवादियों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने कहा, “जब आतंकवादियों ने उरी में हमला किया, तो प्रधानमंत्री ने सर्जिकल स्ट्राइक का आदेश दिया; जबकि पुलवामा हमले के बाद बालाकोट हवाई हमला हुआ, और पहलगाम घटना के बाद उन्होंने आतंकवादियों को सबक सिखाने के लिए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का आदेश दिया।” (पेज 6 पर)









