तेल अवीव। पश्चिम एशिया में जारी युद्ध को लेकर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने ईरान युद्ध को लेकर चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि इस संघर्ष के असर का अंदाजा लगाना अभी मुश्किल है, लेकिन इसके परिणाम कोरोना महामारी जैसे हो सकते हैं। पुतिन ने साफ कहा कि यह युद्ध केवल क्षेत्रीय नहीं बल्कि पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था और सप्लाई सिस्टम को प्रभावित कर रहा है। इससे वैश्विक स्तर पर चिंता बढ़ गई है।
पुतिन ने मॉस्को के बिजनेस लीडर्स से बातचीत के दौरान कहा कि अभी तक इस संघर्ष के परिणामों का सही अनुमान लगाना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि जो देश इस युद्ध में शामिल हैं, वे खुद भी इसके भविष्य को लेकर स्पष्ट नहीं हैं। ऐसे में बाकी दुनिया के लिए स्थिति और ज्यादा अनिश्चित हो जाती है। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ आकलन इस संकट की तुलना कोरोना महामारी से कर रहे हैं।
पुतिन ने कहा कि इस युद्ध का असर अंतरराष्ट्रीय लॉजिस्टिक्स, उत्पादन और सप्लाई चेन पर साफ दिखाई दे रहा है। उन्होंने बताया कि हाइड्रोकार्बन, धातु और उर्वरक जैसे क्षेत्रों पर भारी दबाव पड़ रहा है। इससे वैश्विक बाजार में अस्थिरता बढ़ रही है और कई देशों की अर्थव्यवस्था प्रभावित हो सकती है।









