नागपुर:विदर्भ के नागपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक होटल संचालक से रोजाना रंगदारी मांगने और मारपीट करने की घटना ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
यह मामला तहसील थाना क्षेत्र का है, जहां टिमकी निवासी 32 वर्षीय आनंद भासीकर, जो “आनंद सावजी भोजनालय” चलाते हैं, ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के मुताबिक, इलाके के कुछ आरोपी पहले होटल में ग्राहक बनकर आते थे और इसी पहचान का फायदा उठाते हुए उन्होंने दबाव बनाना शुरू कर दिया। 27 मार्च 2026 की रात करीब 9 बजे आरोपियों ने होटल के कर्मचारी रोशन भुरड़े के साथ मारपीट की।
हालांकि, डर के कारण उस समय शिकायत दर्ज नहीं कराई गई। इसके बाद 30 मार्च की सुबह, जब आनंद भासीकर अपने होटल जा रहे थे, तब आरोपियों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया और धमकाते हुए रोजाना 1000 रुपये रंगदारी की मांग की। आरोपियों ने गाली-गलौज के साथ जान से मारने और हथियार से हमला करने की भी धमकी दी।
पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों—बाबू गौर और राहुल खापेकर—को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।








