दो आरोपी गिरफ्तार, पुलिस जांच जारी
नागपूर:नागपूर के यशोधरा नगर पोलीस स्टेशन क्षेत्र में स्थित एक मारुति सुजुकी शोरूम में बड़े पैमाने पर गबन और धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। इस संबंध में शोरूम के मैनेजर राजेश मिश्रा द्वारा पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई थी।
प्राथमिक जांच के बाद पुलिस ने आरोपी सुशील रमेशराव भोले और चेतन दामोदर तरारे के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोप है कि दोनों ने अपने आर्थिक लाभ के लिए शोरूम में उपलब्ध वाहन के स्पेयर पार्ट्स को ग्राहकों को बेचकर उसकी रकम शोरूम के आधिकारिक खाते में जमा नहीं की। इसके बजाय उन्होंने ग्राहकों को फर्जी बिल जारी किए और रकम का गबन कर लिया।
इस पूरे घोटाले में लगभग 74 लाख 70 हजार 984 रुपये की हेराफेरी सामने आई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां अदालत ने 30 मार्च तक पुलिस कस्टडी में भेजने का आदेश दिया है।
फिलहाल पुलिस इस मामले की गहन जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस घोटाले में और कोई व्यक्ति शामिल है या नहीं।









