नागपुर:नागपुर में घरेलू गैस सिलेंडरों (LPG) की किल्लत और बढ़ती कालाबाजारी के खिलाफ आम आदमी पार्टी ने जोरदार विरोध प्रदर्शन करते हुए जिला प्रशासन और खाद्य एवं आपूर्ति विभाग को ज्ञापन सौंपा। यह प्रतिनिधिमंडल महाराष्ट्र सह सचिव रजनीकांत जिचकार के नेतृत्व में पहुंचा।
इस दौरान संगठन के कई पदाधिकारी मौजूद रहे, जिनमें महाराष्ट्र संगठन सचिव भूषण ढाकुलकर, शहर अध्यक्ष अजिंक्य कळंबे, उपाध्यक्ष अहमद जवाद, महासचिव इकबाल रिजवी और डॉ. अमेय नारनवरे प्रमुख थे। प्रतिनिधिमंडल ने उप-जिलाधिकारी को अवगत कराया कि वर्तमान अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों, विशेषकर अमेरिका-ईरान तनाव के चलते LPG की आपूर्ति प्रभावित हुई है, जिसका फायदा उठाकर कुछ गैस एजेंसियां और बिचौलिए कालाबाजारी कर रहे हैं। आप नेताओं ने आरोप लगाया कि आम नागरिकों को घंटों कतारों में खड़ा रहना पड़ रहा है, जबकि कई व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को अवैध रूप से 3000 रुपये तक की ऊंची कीमत पर घरेलू सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
पार्टी ने मांग की कि शहर के रेस्टोरेंट, ढाबों, लाउंज और पबों में जमा किए गए घरेलू सिलेंडरों के अवैध स्टॉक पर तत्काल छापेमारी की जाए। साथ ही प्रशासन यह सुनिश्चित करे कि घरेलू गैस की आपूर्ति केवल आम जनता और गृहणियों तक ही सीमित रहे। रजनीकांत जिचकार ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो पार्टी जनता के हित में उग्र आंदोलन करने को मजबूर होगी। यह मुद्दा अब शहर में चर्चा का केंद्र बन गया है और प्रशासन पर कार्रवाई का दबाव बढ़ता जा रहा है।








