बिहारशरीफ। बिहार के नालंदा जिले के दीपनगर थाना क्षेत्र के मघड़ा गाँव स्थित प्राचीन शीतला माता मंदिर में मंगलवार को भगदड़ मचने से कम से कम आठ महिलाओं की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मंगलवार सुबह शीतला माता मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण यह घटना हुई। उन्होंने बताया कि घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहाँ कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
कुछ लोगों ने अस्पताल पहुँचने से पहले तथा कुछ ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद मंदिर परिसर और अस्पताल में अफरातफरी का माहौल बन गया। स्थानीय प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुँचकर राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। भगदड़ के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
बिहारशरीफ के सहायक पुलिस अधीक्षक नूरुल हक ने कहा, मंगलवार सुबह शीतला माता मंदिर में भगदड़ के दौरान कम से कम आठ श्रद्धालुओं, जिनमें अधिकांश महिलाएँ हैं, की मौत हो गई। घटना में कई श्रद्धालु घायल भी हुए हैं। पुलिस बल और जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुँच गए हैं और राहत एवं बचाव कार्य जारी है। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान की जा रही है। (पेज 6 पर)








