नागपुर में महाराष्ट्र के राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने प्रेस वार्ता में कई मुद्दों पर अपनी स्पष्ट प्रतिक्रिया दी। उन्होंने राजस्व विभाग में भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर विपक्ष के नेता विजय वडेट्टीवार को खुली चुनौती देते हुए कहा कि यदि उनके पास कोई ठोस सबूत हैं, तो वे सीधे सरकार या जांच एजेंसियों को सौंपें।
बावनकुले ने कहा कि “सिर्फ मीडिया में बयान देने से कुछ नहीं होगा, यदि सच्चाई सामने लानी है तो प्रमाण देना जरूरी है।” उन्होंने आश्वासन दिया कि किसी भी अधिकारी की संलिप्तता सामने आने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि संवेदनशील मामलों में सार्वजनिक बयानबाजी से जांच प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है। खरात प्रकरण पर बोलते हुए मंत्री ने इसे अत्यंत संवेदनशील बताते हुए टिप्पणी से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि जांच एजेंसियों को स्वतंत्र रूप से काम करने दिया जाना चाहिए।
खाद की कीमतों और कमी को लेकर उठ रहे सवालों पर बावनकुले ने स्पष्ट किया कि यह सब सोशल मीडिया पर फैलाई गई अफवाहें हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार जमाखोरी पर कड़ी कार्रवाई करेगी और किसानों को किसी प्रकार की समस्या नहीं होने दी जाएगी।
इसके अलावा उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग में बड़े सुधार किए जा रहे हैं, जिससे आने वाले तीन वर्षों में नागरिकों को तहसील कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। गरीबों के घरों को कानूनी मान्यता देने और प्रक्रियाओं को सरल बनाने की दिशा में भी काम जारी है। अन्य मुद्दों पर बोलते हुए उन्होंने ममता बनर्जी पर भी निशाना साधा और कहा कि आगामी चुनावों में जनता विकास के मुद्दे पर मतदान करेगी।








