मुंबई:मुंबई के बोरीवली (पश्चिम) स्थित कोरा केंद्र मैदान में आयोजित तीसरे मिलेट्स महोत्सव का भव्य शुभारंभ किया गया। इस कार्यक्रम का उद्घाटन महाराष्ट्र के पणन मंत्री जयकुमार रावल के हाथों हुआ।
इस अवसर पर विधायक मनीषा चौधरी, नगरसेवक शिवानंद शेट्टी, कृषि पणन मंडल के कार्यकारी संचालक संजय कदम और सर-व्यवस्थापक विनायक कोकरे सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। यह मिलेट्स महोत्सव 22 मार्च 2026 तक आम नागरिकों के लिए खुला रहेगा। महोत्सव का उद्देश्य राज्य में उत्पादित प्रमुख तृणधान्य—ज्वार, बाजरा और रागी—को सीधे किसानों से उपभोक्ताओं तक पहुंचाना है।
महाराष्ट्र राज्य कृषि पणन मंडल द्वारा आयोजित इस पहल का मकसद मिलेट्स को बढ़ावा देना और लोगों को इनके पोषण व स्वास्थ्य लाभों के प्रति जागरूक करना है। कम पानी में उगने वाले और पर्यावरण के अनुकूल ये अनाज वर्तमान समय में टिकाऊ कृषि के लिए महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं।
पणन मंत्री जयकुमार रावल ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के महोत्सव राज्य के विभिन्न जिलों में चरणबद्ध तरीके से आयोजित किए जाएंगे, ताकि किसानों को बेहतर बाजार और उपभोक्ताओं को शुद्ध व पौष्टिक आहार मिल सके। उन्होंने नागरिकों से इस महोत्सव में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील भी की।
इस आयोजन को लेकर स्थानीय नागरिकों में उत्साह देखा जा रहा है और बड़ी संख्या में लोग मिलेट्स आधारित उत्पादों का अनुभव लेने के लिए पहुंच रहे हैं।









