लोकवाहिनी, संवाददाता:नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के सभी नागरिकों से पश्चिम एशिया में जारी भीषण युद्ध के कारण पैदा हुई चुनौतीपूर्ण परिस्थिति से पार पाने के लिए एकजुट होने का आग्रह किया। मोदी ने वर्तमान संकट का राजनीतिकरण करने वालों को आगाह करते हुए कहा कि मौजूदा हालात में स्वार्थ भरी राजनीति के लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ में कहा कि अफवाह फैलाने वाले लोग देश को बहुत बड़ा नुकसान पहुंचा रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘वर्तमान में हमारे पड़ोस में एक माह से भीषण युद्ध जारी है। यह निश्चित तौर पर चुनौतीपूर्ण समय है। मैं आज ‘मन की बात’ के माध्यम से सभी देशवासियों से फिर यह आग्रह करूँगा कि हमें एकजुट होकर इस चुनौती से बाहर निकलना है। उन्होंने कहा कि जो लोग इस विषय पर भी राजनीति कर रहे हैं, उन्हें ऐसा नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह देश के 140 करोड़ देशवासियों के हित से जुड़ा विषय है और इसमें स्वार्थ भरी राजनीति का कोई स्थान नहीं है।
उन्होंने कहा, “अफवाह फैला रहे लोग देश का बहुत बड़ा नुकसान कर रहे हैं। मैं सभी देशवासियों से अपील करूँगा कि वे जागरूक रहें, अफवाहों के बहकावे में न आएं। सरकार की तरफ से आपको जो निरंतर जानकारी दी जा रही है, उस पर विश्वास करके कोई कदम उठाएं।” मोदी ने कहा कि उन्हें हर बार की तरह इस बार भी विश्वास है कि जैसे हमने देश के 140 करोड़ देशवासियों के सामर्थ्य से पुराने संकटों को हराया था, इस बार भी हम सब मिलकर इन कठिन हालात से विजयी बनकर बाहर निकल जाएंगे। (पेज 6 पर)









