भिवंडी स्थित मुंबई–नाशिक महामार्ग पर एक भीषण सड़क दुर्घटना सामने आई है, जिसमें कार, ट्रक और दुचाकी के बीच हुई टक्कर में एक दुचाकी सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा भिवंडी के पास एक ढाबे के समीप हुआ, जहां तीनों वाहन एक ही दिशा में मुंबई से नाशिक की ओर जा रहे थे।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, आगे चल रहे ट्रक चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया। इसके कारण पीछे आ रही कार चालक को समय पर वाहन नियंत्रित करने का अवसर नहीं मिला और कार सीधे ट्रक से जा टकराई। इसी बीच कार के पीछे आ रहे दूसरे ट्रक ने भी ब्रेक लगाने का प्रयास किया, लेकिन वह कार से टकरा गया, जिससे कार आगे और पीछे से बुरी तरह दब गई।
इस दौरान ट्रक के पीछे आ रहा दुचाकी सवार नियंत्रण खो बैठा और फिसलकर सड़क के डिवाइडर की ओर जा गिरा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।
दुर्घटना में कार सवार लोग सुरक्षित बताए जा रहे हैं, हालांकि वाहन को भारी नुकसान हुआ है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा, जिसे बाद में वाहनों को हटाकर सुचारु किया गया।








