मुंबई। फ़िल्म ‘नीचा नगर’ से 1946 में अपने फ़िल्मी करियर की शुरुआत करने वाली हिंदी सिनेमा की शुरुआती अभिनेत्रियों में से एक मशहूर अदाकारा कामिनी कौशल का उनके मुंबई स्थित घर में निधन हो गया। एक करीबी पारिवारिक मित्र ने यह जानकारी दी। वह 98 वर्ष की थीं। कामिनी कौशल ने 2022 तक कई फिल्मों में अभिनय किया।
1940 के दशक के अंत और 1950 की शुरुआत में इंडस्ट्री में सबसे अधिक फीस लेने वाली अभिनेत्रियों में से एक कामिनी कौशल ने दिलीप कुमार, देव आनंद और राज कपूर की तिकड़ी के साथ अभिनय किया। 1960 में उन्होंने फिल्मों में मुख्य किरदार निभाने शुरू किये थे। कामिनी ने 95 वर्ष की आयु में आमिर खान की 2022 में आई फिल्म ‘लाल सिंह चड्ढा’ में काम किया था, जिसके साथ ही उन्होंने फिल्मों में 76 साल पूरे किए। परिवार के एक करीबी मित्र साजन नारायण ने बताया, बृहस्पतिवार देर रात मुंबई स्थित घर में कामिनी का निधन हो गया। फरवरी में वह 99 वर्ष की होने वाली थीं। कामिनी कौशल का जन्म 24 फरवरी, 1927 को लाहौर में हुआ था और उनका उस समय नाम उमा कश्यप था।











