अहमदाबाद। कांग्रेस और उसका नेतृत्व हमेशा झूठ बोलकर जनता को गुमराह करता रहा है। उन्होंने कहा कि संसद में कांग्रेस के नेता राहुल गांधी किसानों की बात करते हैं। लेकिन, उन्हें यह भी बताना चाहिए कि मनमोहन सिंह सरकार के 10 सालों के कार्यकाल में किसानों का कितना अनाज खरीदा गया? इसके साथ ही यह भी जान लेना चाहिए कि नरेंद्र मोदी सरकार के 10 वर्षों में कितना अनाज खरीदा है।
गुजरात में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने राहुल गांधी पर हमला बोला है। अमित शाह ने दावा किया कि मौजूदा सरकार ने कांग्रेस की तुलना में 15 गुना अधिक अनाज खरीदा है। यह बात राहुल गांधी को नहीं दिखती है। वे केवल देश को गुमराह करने का ही काम कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस के समय किसानों का बजट मात्र 26 हजार करोड़ रुपये था, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इसे बढ़ाकर 1 लाख 29 हजार करोड़ रुपये किया गया।
अमित शाह ने राहुल गांधी को खुली चुनौती देते हुए कहा कि वे किसी भी मंच का चयन कर लें, भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा का अध्यक्ष उनसे इस विषय पर बहस के लिए तैयार है कि किसानों का असली नुकसान किसने किया? क्योंकि मोदी सरकार ने हर समझौते में किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है।
अमित शाह के मुताबिक कांग्रेस ने 70 साल में केवल एक बार कर्ज माफी का झुनझुना पकड़ाकर किसानों को गुमराह किया, जबकि मोदी सरकार पिछले 10 वर्षों से किसानों के बैंक खातों में हर साल 6 हजार रुपये सीधे भेज रही है, ताकि उन्हें कर्ज लेने की जरूरत न पड़े। गृहमंत्री अमित शाह ने ट्रेड डील के मुद्दे पर भी राहुल गांधी पर देश को गुमराह करने का आरोप लगाया है। शाह ने कहा कि इंग्लैंड, यूरोपीय संघ (ईयू) और अमेरिका के साथ हुए समझौतों में किसानों के हितों की पूरी सुरक्षा की गई है। उन्होंने खास तौर पर डेयरी सेक्टर को लेकर फैलाई जा रही आशंकाओं को खारिज करते हुए कहा कि सरकार ने डेयरी को पूरी तरह सुरक्षित रखा है। इसके साथ ही भारतीय कृषि व मछुआरों के उत्पादों के लिए वैश्विक बाजार के रास्ते खोले हैं।








