नागपुर में कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार ने प्रेस वार्ता के दौरान राज्य सरकार और हालिया विवादों पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने रुपाली चाकणकर के इस्तीफे को उचित बताते हुए कहा कि जिस पद पर वे कार्यरत थीं, वहां रहते हुए कथित अंधविश्वास से जुड़े मामलों में उनकी संलिप्तता अनुचित थी और इससे उनकी निष्पक्षता पर सवाल उठते हैं।
वडेट्टीवार ने अशोक खरात प्रकरण की व्यापक जांच की मांग करते हुए कहा कि इस मामले से जुड़े सभी लोगों के कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) की जांच होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कई प्रभावशाली लोग इस प्रकरण से जुड़े हो सकते हैं, इसलिए निष्पक्ष जांच आवश्यक है।
सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि इस मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है और पुलिस पर भी दबाव होने की आशंका जताई। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो विपक्ष सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगा।
महिला अत्याचार के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि पीड़ितों को आगे आकर न्याय की मांग करनी चाहिए और प्रशासन को निष्पक्ष कार्रवाई करनी चाहिए। साथ ही उन्होंने समाज में बढ़ती अंधश्रद्धा पर चिंता व्यक्त करते हुए इसे राज्य की छवि के लिए हानिकारक बताया।
कृषि नुकसान के मुद्दे पर वडेट्टीवार ने कहा कि अवकाळी बारिश से किसानों को भारी नुकसान हुआ है, जिसके लिए तत्काल पंचनामा और आर्थिक सहायता दी जानी चाहिए। उन्होंने राज्य की बढ़ती कर्ज स्थिति पर भी चिंता जताई।









