सिंचन विभाग ने दी बिना शर्त जमीन
ग्रामीण विद्यार्थियों को मिलेगा आवासीय, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा अवसर
ठाणे जिले के शाहपुर तालुका में नवोदय विद्यालय की स्थापना को लेकर महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण, आवासीय और सर्वांगीण शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है। सिंचन विभाग ने भातसानगर स्थित प्रस्तावित स्थल को विद्यालय निर्माण के लिए बिना शर्त मंजूरी दे दी है। यह निर्णय सिंचन भवन, ठाणे में आयोजित कोंकण पाटबंधारे विकास महामंडल की 89वीं बोर्ड बैठक में लिया गया, जिसकी अध्यक्षता जलसंपदा एवं आपदा प्रबंधन मंत्री गिरीश महाजन ने की।
कोकण पदवीधर मतदारसंघ के विधायक एड. निरंजन डावखरे के लगातार प्रयासों और पाठपुरावे के चलते इस प्रस्ताव को अंतिम स्वीकृति मिली। इस निर्णय से शाहपुर, मुरबाड, भिवंडी, अंबरनाथ और कल्याण तालुकों के ग्रामीण विद्यार्थियों को निकट ही नवोदय विद्यालय की सुविधा प्राप्त होगी। इससे पहले ठाणे और पालघर जिले एक साथ होने के कारण विद्यार्थियों को पालघर स्थित नवोदय विद्यालय में प्रवेश के लिए कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।
जिला विभाजन के बाद ठाणे जिले के लिए स्वतंत्र नवोदय विद्यालय की मांग लगातार उठाई जा रही थी। वर्ष 2024 में शासन से मंजूरी मिलने के बाद भूमि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया तेज की गई। अब अंतिम स्वीकृति मिलने से विद्यालय निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो गया है। इस विद्यालय के माध्यम से विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाएं, खेल, सांस्कृतिक गतिविधियां और प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं की तैयारी का अवसर मिलेगा।









