कैंसर पीड़िता का ससुराल पर सनसनीखेज आरोप
भिवंडी:भिवंडी के निजामपुरा थाना क्षेत्र में दहेज प्रताड़ना और अंधविश्वास से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रही 36 वर्षीय महिला ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए मानसिक, शारीरिक और अमानवीय प्रताड़ना करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने पति सहित कुल छह आरोपियों के खिलाफ महाराष्ट्र नरबलि एवं अन्य अमानवीय, अमंगल और अघोरी प्रथाओं तथा जादूटोणा विरोधी कानून के तहत मामला दर्ज किया है।
आरोप है कि वर्ष 2015 से ही पति योगेशकुमार केशरवानी, सास-ससुर और तीन ननदें महिला को दहेज के लिए प्रताड़ित कर रहे थे। पीड़िता को अपशकुनी बताकर हर अमावस्या को घर में काली जादू की पूजा की जाती थी, जिससे उसे मानसिक और शारीरिक यातनाएं दी जाती थीं।
सितंबर 2025 में महिला को कैंसर होने की जानकारी मिलने के बाद भी इलाज कराने के बजाय आरोपी पति ने 7 दिसंबर को महिला को उसके बच्चे सहित घर से निकाल दिया। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि उसे और उसकी बहन व बच्चे के साथ मारपीट की गई।
इतना ही नहीं, 22 जनवरी 2026 को आरोपी पति ने भिवंडी स्थित पीड़िता के घर के बाहर कुमकुम, कटे हुए नींबू और काली गुड़िया रखकर जादूटोणा किया, जिससे जान से मारने की धमकी का गंभीर आरोप भी लगाया गया है।
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं सहित जादूटोणा विरोधी कानून के तहत मामला दर्ज कर लिया है। इस प्रकरण की आगे की जांच पुलिस निरीक्षक पाटील कर रहे हैं।












