कन्हान पुलिस स्टेशन क्षेत्र के कांद्री इलाके में एक युवक की रेल्वे ट्रैक के नीचे आने से मौत हो गई। मृतक की पहचान राकेश देवीदीन सूर्यवंशी (28 वर्ष) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, राकेश कुछ दिनों से मानसिक तनाव में था और बेरोजगार था। गुरुवार, 26 मार्च की रात वह घर के पास स्थित मंदिर में भोजन करके लगभग 10 बजे वहां से निकला। रात भर घर नहीं लौटने पर परिवार चिंतित हो गया।
शुक्रवार, 27 मार्च को रितेश सूर्यवंशी ने अपने काका को बताया कि राकेश ने जे.एन. हॉस्पिटल के सामने स्थित बोर्डा मार्ग के रेल्वे ट्रैक पर आत्महत्या की है। परिजन तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और मृतक का शरीर ट्रैक पर पाया। हादसे में राकेश का सिर और धड़ अलग-अलग स्थानों पर थे।
घटना की सूचना पाकर कन्हान पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस निरीक्षक वैजयंती मंडवधरे ने अपने सहयोगियों के साथ पंचनामा तैयार किया। शव का पोस्टमार्टम कामठी उपजिल्हा अस्पताल में किया गया।
पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। जांच कन्हान पुलिस निरीक्षक वैजयंती मंडवधरे के मार्गदर्शन में की जा रही है।







