पुणे:पुणे के एस.पी. कॉलेज चौक पर आज अशोक खरात प्रकरण को लेकर माहौल गरमा गया, जब गुलाबो गैंग और सामाजिक संगठनों ने आक्रामक अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। आंदोलन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने कथित भोंदू बाबा अशोक खरात के खिलाफ प्रतीकात्मक ‘तिरड़ी आंदोलन’ करते हुए जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों ने खरात के प्रतीकात्मक पुतले पर काला रंग पोता, गले में चप्पलों की माला डाली और तीव्र आक्रोश व्यक्त किया। उनका आरोप है कि अशोक खरात ने अंधश्रद्धा के नाम पर महिलाओं की ठगी, मानसिक शोषण और सामाजिक उत्पीड़न किया है। आंदोलन का नेतृत्व संगीता तिवारी (अध्यक्षा, पायल तिवारी बिटिया फाउंडेशन) ने किया।
उन्होंने कहा कि “महिलाओं के साथ अन्याय करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। जब तक पीड़ितों को न्याय नहीं मिलता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि अशोक खरात के खिलाफ तुरंत मामला दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही रूपाली चाकणकर को सह-आरोपी बनाकर जांच और गिरफ्तारी की मांग भी उठाई गई। इसके अलावा नीलम गोऱ्हे से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल इस्तीफे की मांग की गई। आंदोलनकारियों ने देवेंद्र फडणवीस को पत्र भेजकर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की है। साथ ही पोस्टकार्ड अभियान के माध्यम से भी सरकार पर दबाव बनाने की कोशिश की जा रही है।यह मामला अब तेजी से तूल पकड़ रहा है और आने वाले दिनों में आंदोलन और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।







