लोकवाहिनी, संवाददाता:नागपुर। सुधार प्रन्यास (एनएआई टी) के सांस्कृतिक संकुल को गिराकर जल्द ही एक आधुनिक 2 टॉवर, 13 मंजिला व्यावसायिक-सह-आवासीय परिसर बनाने का रास्ता साफ होने वाला है। उम्मीद है कि विध्वंस का काम एक महीने के भीतर शुरू हो जाएगा।
एनएआई टी के अधिकारी ने बताया कि भवन योजना को मंजूरी देने की प्रक्रिया चल रही है और इसके पूरा होते ही परियोजना का काम शुरू हो जाएगा। ठेकेदार वीईएपीएल एनएआई टी को अग्रिम रूप से 120 करोड़ का भुगतान करेगा और बाद में व्यावसायिक परिसर का निर्माण करके उसे अपनी सुविधानुसार बेचेगा या किराए पर देगा। सूत्रों के अनुसार वीईएपीएल नए प्रस्तावित परिसर में एक प्रीमियम होटल लाने के लिए प्रमुख होटल चेन के साथ बातचीत कर रहा है। वीईएपीएल के निदेशक प्रशांत उगमुगे ने बताया कि वे पुराने भवन को एक महीने के भीतर गिराने की योजना बना रहे हैं। नया परिसर 2 टॉवरों वाला होगा। एक टॉवर में प्रीमियम और उच्च-स्तरीय आवासीय इकाइयां होंगी। दूसरे टॉवर में एक प्रीमियम होटल होगा। यह कॉम्प्लेक्स लगभग 1 एकड़ भूमि पर विकसित किया जाएगा। यह प्लॉट मेट्रो एक्वा लाइन के बगल में स्थित है और मेट्रो कॉरिडोर के अंतर्गत आता है, इसलिए फ्लोर स्पेस इंडेक्स (एफएसआई) 4 होगा।
13 मंजिला व्यावसायिक-सह-आवासीय परिसर 43,000 वर्गफुट से अधिक पर बनेगा और इसका कुल निर्मित क्षेत्र 1.75 लाख वर्गफुट से अधिक होगा। इसमें 3 स्तरीय पार्किंग (एक बेसमेंट और ऊपर 2 मंजिलें) आरक्षित होगी। इसके बाद की 2 मंजिलें व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को लीज पर दी जाएंगी। वर्तमान में एनएआई टी के इस भवन में 22 दुकानें और एक बैंक्वेट हॉल हैं जो लीज पर दिए गए हैं। ठेकेदार इन दुकानों को भी नए परिसर में समायोजित करेगा।










