लोकवाहिनी, संवाददाता,नई दिल्ली। राजनीतिक स्थिरता ने भारत में निवेशकों का विश्वास बहाल किया है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हमारे मजबूत मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर, सर्विस सेक्टर और एमएसएमई (सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम) सेक्टर ने भारत को 38 देशों के साथ अपनी शर्तों पर व्यापार समझौता करने में सक्षम बनाया है। केंद्रीय बजट, अमेरिका और यूरोपियन यूनियन के साथ ट्रेड डील के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने न्यूज एजेंसी पीटीआई को इंटरव्यू दिया है। इन दो बड़े घटनाक्रमों के बाद यह किसी मीडिया आउटलेट को दिया गया उनका पहला इंटरव्यू है।
उन्होंने कहा कि हमारे मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) टेक्सटाइल, लेदर, केमिकल, हैंडीक्राफ्ट, ज्वेलरी और अन्य क्षेत्रों में लघु एवं मध्यम उद्यमों के लिए दुनिया के बाजार में पहुंच बढ़ाने के उद्देश्य से बनाए गए हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सरकार के बजट सिर्फ साधारण बही-खाता दस्तावेज नहीं होते, बल्कि वे देश के दीर्घकालिक विकास का रोडमैप होते हैं। साथ ही प्रधानमंत्री ने कहा कि हाल के वर्षों में भारतीय उत्पादों ने निर्यात के सभी पुराने रिकॉर्ड तोड़े हैं। उन्होंने डिफेंस बजट में हुई बढ़ोतरी का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार का यह कर्तव्य है कि वह रक्षा क्षेत्र का आधुनिकीकरण मौजूदा परिस्थितियों के अनुरूप करे। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार देश के रक्षा बलों को समर्थन देने और उन्हें मजबूत करने के लिए हर संभव प्रयास किया है और आगे भी करती रहेगी।







