लोकवाहिनी, संवाददाता:नई दिल्ली। देश की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी इंडिगो की पिछले 4 दिनों में 1700 से ज्यादा फ्लाइट कैंसिल होने के बाद केंद्र सरकार शुक्रवार को बैकफुट पर आ गई है। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने एयरलाइंस, खासकर इंडिगो को 10 फरवरी 2026 तक अस्थाई राहत दी है। वीकली रेस्ट के बदले कोई भी छुट्टी नहीं देने के फैसले को वापस ले लिया है।
इधर दूसरी एयरलाइन के किराए में उछाल देखने को मिला है। यात्रियों को ऑप्शनल फ्लाइट्स की तलाश में सामान्य से दोगुनी कीमत पर टिकट खरीदने पड़े हैं। हवाई अड्डों पर तीन दिन से मची अफरा-तफरी के मद्देनजर विमान मंत्री, राममोहन नायडू ने बयान में कहा, हमें उम्मीद है कि अगले तीन दिन में सेवाएँ पूरी तरह बहाल हो जाएंगी। विभिन्न परिचालनात्मक कदमों की शुरुआत के साथ कल (शनिवार) तक सेवाएँ सामान्य हो जाने की उम्मीद है। उन्होंने कहा, नए उडान शुल्क मानदंडों को स्थगित रखा जा रहा है और परिचालन को सामान्य बनाने के लिए अन्य परिचालनात्मक कदम उठाए जा रहे हैं।
सरकार ने इंडिगो की उड़ानों में व्यवधान के कारणों का पता लगाने और जवाबदेही तय करने के लिए उच्च-स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। उड़ान ड्यूटी मानदंडों में ढील देते हुए डीजीसीए ने छुट्टियों के स्थान पर साप्ताहिक विश्राम अवधि की अनुमति दे दी। विमानन क्षेत्र के नियामक नागर विमानन महानिदेशालय ने शुक्रवार को उड़ान ड्यूटी मानदंडों में ढील देते हुए पायलटों को छुट्टियों की जगह साप्ताहिक विश्राम अवधि लेने की अनुमति दे दी।








