धुले जिला पुलिस बल की पुलिस भर्ती प्रक्रिया के तहत मैदानी परीक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिले में कुल 133 रिक्त पदों के लिए यह भर्ती प्रक्रिया आयोजित की जा रही है, जिसके लिए उम्मीदवारों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।
पुलिस प्रशासन के अनुसार, इस भर्ती के लिए करीब 9,000 आवेदन प्राप्त हुए हैं। उम्मीदवारों की मैदानी शारीरिक परीक्षा धुले पुलिस मुख्यालय के मैदान में आयोजित की जाएगी, जिसकी शुरुआत कल से की जा रही है।
मैदानी परीक्षा को सुचारू और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए दौड़ ट्रैक, माप उपकरण, प्रवेश-निकास व्यवस्था, चिकित्सा सुविधा और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है। किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
धुले के पुलिस अधीक्षक श्रीकांत धिवरे ने स्वयं पुलिस मुख्यालय के मैदान का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और नियमों के अनुसार संपन्न कराने के लिए हर स्तर पर सावधानी बरती जा रही है।
उन्होंने यह भी अपील की है कि सभी उम्मीदवार निर्धारित समय पर उपस्थित रहें, आवश्यक दस्तावेज साथ लाएं और अनुशासन का पालन करें। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या अनुचित साधनों कोा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।









