मुंबई। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोमवार को कहा कि राज्य 2047 तक भारत को पूर्ण विकसित बनाने के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दृष्टिकोण को साकार करने में अग्रणी भूमिका निभाएगा।
यह घोषणा उन्होंने ‘विकसित महाराष्ट्र 2047’ सलाहकार समिति की बैठक को संबोधित करते हुए की। मुख्यमंत्री ने बताया कि महाराष्ट्र का यह विजन दस्तावेज राज्य को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाने के लिए एक महत्वपूर्ण रोडमैप के रूप में काम करेगा।
फडणवीस ने कहा, “महाराष्ट्र 2047 तक भारत को पूरी तरह विकसित करने के प्रधानमंत्री मोदी के विजन को साकार करने में अग्रणी भूमिका निभाएगा। यह दस्तावेज़ हमारे लिए मार्गदर्शक ढांचा है, जिससे हम निर्धारित लक्ष्यों को चरणबद्ध तरीके से प्राप्त कर सकें।”
सलाहकार समिति ने विकसित महाराष्ट्र 2047 के मसौदे को मंज़ूरी दे दी है। अब इसे कैबिनेट के समक्ष अनुमोदन के लिए प्रस्तुत किया जाएगा। दस्तावेज़ में 2029, 2035 और 2047 तक विकास लक्ष्यों को हासिल करने के लिए तीन चरणों वाला रोडमैप तय किया गया है।
मुख्यमंत्री ने मसौदे को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि भविष्य की सभी योजनाएं और नीतियां इसी के अनुरूप होंगी। उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि दस्तावेज़ को वीडियो प्रारूप में बदलकर नागरिकों तक आसानी से पहुँचाया जाए, ताकि लोग इसके उद्देश्यों और विकास लक्ष्यों को समझ सकें।
फडणवीस ने जोर देकर कहा कि विकसित महाराष्ट्र 2047 मसौदे को लोगों से जबरदस्त समर्थन मिला है और यह राज्य को न केवल अन्य राज्यों के साथ, बल्कि दुनिया के स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने के योग्य बनाएगा।









