राहुल बोले – ये भारत के भविष्य के लिए खतरनाक
लोकवाहिनी संवाददाता:नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने केंद्र की एनडीए सरकार पर सरकारी संस्थानों को कमज़ोर करने और उन्हें निजी हाथों में सौंपने की साज़िश रचने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि यह साज़िश गहरी है और भारत के भविष्य के लिए बेहद खतरनाक साबित हो सकती है।
राहुल गांधी ने कहा कि सरकार की नीति सरकारी कंपनियों को पहले ख़त्म करना, फिर घाटे का हवाला देकर उन्हें अपने पूँजीपति दोस्तों को सौंपना है। उन्होंने दावा किया कि ऐसी नीतियाँ देश के विकास, रोज़गार और जनता के हितों के खिलाफ हैं।
राहुल गांधी ने संसद कार्यालय में भारत इम्यूनोलॉजिकल्स एंड बायोलॉजिकल्स कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीआईबीसीओएल) के कर्मचारियों से मुलाकात का वीडियो साझा किया। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को महीनों से वेतन नहीं मिला और वे कर्ज़ तथा उधार पर जीवन गुजारने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि कभी लाभ में रहने वाली बीआईबीसीओएल को 2017 के बाद ‘सोच-समझकर’ घाटे में धकेला गया। राहुल के मुताबिक, इसके ज़रिए टीकों के सरकारी अनुबंध निजी कंपनियों को सौंपने का रास्ता साफ़ किया गया ताकि वे महंगे दामों पर वैक्सीन बेचकर भारी मुनाफ़ा कमा सकें।












