गठबंधन पर सवाल, कार्यकर्ताओं का खुला विरोध
केडीएमसी चुनाव से पहले गठबंधन में सीटों के बंटवारे को लेकर कल्याण पूर्व में भाजपा कार्यकर्ताओं की नाराजगी खुलकर सामने आ गई है। गठबंधन में भाजपा को केवल सात सीटें मिलने से कार्यकर्ता भड़क उठे और “गठबंधन नहीं, स्वबळ पर चुनाव लड़ो” की जोरदार मांग करने लगे। यह नाराजगी आमदार सुलभा गायकवाड़ के कार्यालय में देखने को मिली, जहां देर रात तक कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया।
कार्यकर्ताओं का कहना है कि कल्याण–डोंबिवली महानगरपालिका में भाजपा की संगठनात्मक ताकत मजबूत होने के बावजूद इतनी कम सीटें स्वीकार करना जमीनी कार्यकर्ताओं के साथ अन्याय है। कई कार्यकर्ताओं ने सवाल उठाया कि मेहनत भाजपा कार्यकर्ता करें और फायदा गठबंधन सहयोगियों को मिले, यह किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है।
हालात को संभालने के लिए जिलाध्यक्ष नंदू परब और चुनाव प्रभारी नरेंद्र सूर्यवंशी मौके पर पहुंचे और कार्यकर्ताओं को समझाने का प्रयास किया। हालांकि, कार्यकर्ता शांत होने के मूड में नजर नहीं आए और काफी देर तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा।
इस घटनाक्रम से साफ हो गया है कि केडीएमसी चुनाव से पहले ही भाजपा के भीतर अंदरूनी असंतोष उभरकर सामने आ चुका है। गठबंधन को लेकर स्थानीय स्तर पर नाराजगी बढ़ रही है और आने वाले दिनों में पार्टी नेतृत्व इस असंतोष को किस तरह संभालता है, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।








