ऑटो में सवारी बनाकर यात्रियों को निशाना बनाने वाले गिरोह के 5 आरोपी गिरफ्तार,16.75 लाख का सोना और नकदी बरामद
नागपुर शहर पुलिस की क्राइम ब्रांच ने रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड क्षेत्र में सक्रिय ऑटो-रिक्शा लूट गिरोह का भंडाफोड़ किया है। यात्रियों से सोने के गहने और नकदी चुराने वाले इस गिरोह के 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने लगभग ₹16.75 लाख मूल्य के सोने के गहने, ₹40,000 नकद और वारदात में इस्तेमाल 3 ऑटो-रिक्शा जब्त किए हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह गिरोह 31 अक्टूबर और 9 नवंबर 2025 को मॉडल मिल चौक से बस स्टैंड मार्ग तक यात्रियों से चोरी करता था। इन घटनाओं की शिकायतों के बाद पुलिस ने 100 से अधिक CCTV फुटेज खंगाले और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर मुख्य आरोपी इमरान उर्फ सोनू खान को पकड़ लिया। उसकी निशानदेही पर अन्य साथी आरोपियों को नागपुर और दिल्ली रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया गया।
इस मामले की कार्रवाई पुलिस आयुक्त डॉ. रविंद्र कुमार सिंगल के मार्गदर्शन में, गणेशपेठ पुलिस स्टेशन और जोन-3 की संयुक्त टीम ने अंजाम दी। अधिकारीयों ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 303(2) और 3(5) के तहत केस दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में इमरान खान के साथ-साथ शहादत खान, नदीम खान, असीम अहमद और रवींद्र कुमार उर्फ दलू भूरे सिंग शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से बरामद सोने के गहनों की कीमत और चोरी में इस्तेमाल वाहनों की कुल कीमत लगभग ₹11.45 लाख है।
क्राइम ब्रांच ने चेतावनी दी है कि ऐसे अपराधियों के खिलाफ निगरानी और जांच लगातार जारी रहेगी। फिलहाल, मामले की अगली जांच जारी है और बरामद गहनों और नकदी को उनके वास्तविक मालिकों को लौटाने की प्रक्रिया भी चल रही है।









