चित्रा वाघ ने ठाकरे गुट पर साधा निशाना कहा शहर चलाना बँक खाते नहीं
भारतीय जनता पार्टी की महिला प्रदेशाध्यक्ष और विधायक चित्रा वाघ ने ठाकरे गुट पर तीखा हमला बोलते हुए नगर प्रशासन और वित्तीय प्रबंधन को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि “ठाकरे यह भूल चुके हैं कि शहर चलाना केवल बैंक खाते या फिक्स्ड डिपॉजिट तक सीमित नहीं होता।” शहर के समग्र विकास, मूलभूत सुविधाओं और नागरिक सेवाओं की जिम्मेदारी भी उतनी ही महत्वपूर्ण होती है।
चित्रा वाघ ने कहा कि वर्तमान में बीएमसी की एफडी (फिक्स्ड डिपॉजिट) को लेकर बेवजह आलोचना की जा रही है, जबकि 2014 से अब तक एफडी की वास्तविक राशि और उसमें हुई वृद्धि के आंकड़े साफ तौर पर उपलब्ध हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विरोधी जानबूझकर अधूरी जानकारी देकर जनता को भ्रमित करने की कोशिश कर रहे हैं।
वाघ ने कहा कि अगर सभी वित्तीय तथ्य और आंकड़े सही-सही जनता के सामने रख दिए जाएं, तो विरोधियों के पास कहने के लिए कुछ नहीं बचेगा। उन्होंने यह भी जोड़ा कि बीएमसी के संसाधनों का इस्तेमाल केवल धन जमा करने के लिए नहीं, बल्कि शहर की सड़कों, जल आपूर्ति, स्वच्छता, स्वास्थ्य सेवाओं और बुनियादी ढांचे के विकास के लिए होना चाहिए।
भाजपा महिला प्रदेशाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि ठाकरे गुट ने वर्षों तक बीएमसी पर शासन किया, लेकिन मुंबई की कई बुनियादी समस्याएं आज भी जस की तस बनी हुई हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा पारदर्शिता, जवाबदेही और विकास की राजनीति में विश्वास रखती है।
चित्रा वाघ के इस बयान से मुंबई की सियासत एक बार फिर गर्मा गई है और आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर राजनीतिक बयानबाजी और तेज होने की संभावना जताई जा रही है।









