700 उम्मीदवारों के इंटरव्यू, टिकट सिर्फ मेरिट पर
छत्रपति संभाजीनगर में आगामी जिला परिषद चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। राज्य के मंत्री अतुल सावे ने स्पष्ट किया है कि जिला परिषद का चुनाव महायुति के तहत ही लड़ा जाएगा। उन्होंने बताया कि गठबंधन को लेकर शिवसेना के साथ समन्वय बनाए रखा गया है और आज शाम इस विषय पर एक महत्वपूर्ण संयुक्त बैठक आयोजित की जा रही है।
मंत्री अतुल सावे के अनुसार, आज शाम पांच बजे पालकमंत्री संजय शिरसाट, शिवसेना के सांसद, विधायक, भाजपा और शिवसेना के प्रमुख पदाधिकारी तथा ग्रामीण जिला अध्यक्षों की संयुक्त बैठक होगी। इस बैठक में गठबंधन को लेकर अंतिम रणनीति और सीटों के बंटवारे पर चर्चा की जाएगी। सावे ने कहा कि पिछली बार के अनुभवों को ध्यान में रखते हुए इस बार निर्णय पुख्ता और प्रभावी तरीके से लागू किया जाएगा।
इसी के साथ भारतीय जनता पार्टी ने जिला परिषद चुनाव की तैयारियां तेज कर दी हैं। 63 जिला परिषद सर्कलों के लिए लगभग 700 उम्मीदवारों के आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनकी आज साक्षात्कार प्रक्रिया चल रही है। साक्षात्कार के लिए भाजपा कार्यालय में भारी भीड़ देखी गई, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रेजुएट इंजीनियर और उच्च शिक्षित युवा शामिल हैं।
मंत्री सावे ने स्पष्ट किया कि पार्टी केवल योग्य और मेरिट वाले उम्मीदवारों को ही टिकट देगी। उन्होंने कहा कि जिसे पार्टी अधिकृत ‘एबी फॉर्म’ देगी, वही उम्मीदवार नामांकन दाखिल करेगा। व्यक्तिगत पहचान या दबाव के आधार पर किसी को भी टिकट नहीं दिया जाएगा। पिछली बार हुई नाराजगी से सबक लेते हुए इस बार पूरी सावधानी बरती जा रही है।









