चोपड़ा में जल संकट, नगर परिषद पर लापरवाही का आरोप
जलगांव:जलगांव जिले के चोपड़ा शहर में नगर परिषद की लापरवाही और शून्य नियोजन के कारण जलापूर्ति व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। शहरवासियों को आठ दिनों में एक बार पानी की आपूर्ति की जा रही है, लेकिन वह भी समय पर नहीं होने से नागरिकों में भारी नाराज़गी देखी जा रही है। कई इलाकों में तय समय पर पानी नहीं पहुंचने से लोगों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
नागरिकों का आरोप है कि चोपड़ा नगर परिषद के जलापूर्ति विभाग का नियोजन पूरी तरह विफल हो चुका है। विभाग की अनदेखी और उदासीनता के कारण आम नागरिकों को मानसिक तनाव सहना पड़ रहा है। विशेषकर महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को पानी की कमी से रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
शहर में चल रहे सड़क निर्माण कार्यों के दौरान बार-बार पानी की पाइपलाइन फटने की घटनाएं सामने आ रही हैं। इसके बावजूद संबंधित विभाग समय पर मरम्मत नहीं करता, जिससे कई दिनों तक पानी की भारी बर्बादी होती रहती है। इसका सीधा असर आठ दिनों के अंतराल पर होने वाली जलापूर्ति पर पड़ रहा है।
सबसे गंभीर बात यह है कि प्रभावित क्षेत्रों के नागरिकों को किसी भी प्रकार की पूर्व सूचना नहीं दी जाती। अचानक जलापूर्ति बंद होने से नागरिकों की परेशानी और बढ़ जाती है। नागरिकों ने नगराध्यक्ष, उपनगराध्यक्ष और जलापूर्ति समिति के सभापति से इस गंभीर समस्या पर तुरंत ध्यान देने और स्थायी समाधान निकालने की मांग की है।









