समाज की भावनाएं आहत न हों, पुलिस की जनप्रतिनिधियों को चेतावनी
ठाणे | एमआईएम के नवनिर्वाचित नगरसेवक सहर शेख के एक बयान को लेकर ठाणे जिले के मुंब्रा में राजनीतिक और प्रशासनिक हलचल देखने को मिली है। अपने एक भाषण में सहर शेख ने कहा था कि “आने वाले पांच वर्षों में मुंब्रा को पूरी तरह हरा-भरा किया जाएगा।” इस बयान को लेकर भाजपा नेता किरीट सोमैया ने मुंब्रा पुलिस थाने में एक लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायत के बाद मुंब्रा पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए सहर शेख को समझाइश दी है। पुलिस का कहना है कि उनके भाषण से समाज के कुछ वर्गों की भावनाएं आहत हुई हैं। इसी के चलते पुलिस ने उन्हें भविष्य में ऐसा कोई भी बयान न देने की हिदायत दी है, जिससे किसी समुदाय या समाज की भावनाएं आहत हों।
मुंब्रा के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अनिल शिंदे ने जानकारी देते हुए बताया कि सहर शेख को इस संबंध में नोटिस भी जारी किया गया है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों को सार्वजनिक मंच से बोलते समय विशेष सावधानी बरतनी चाहिए, ताकि कानून-व्यवस्था पर कोई असर न पड़े।
पुलिस प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि फिलहाल मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है, लेकिन भविष्य में इस तरह के बयान दोहराए जाने पर सख्त कदम उठाए जा सकते हैं।
इस पूरे घटनाक्रम के बाद मुंब्रा की राजनीति में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। एक ओर जहां एमआईएम समर्थक इसे विकास से जुड़ा बयान बता रहे हैं, वहीं विरोधी दल इसे समाज में भ्रम फैलाने वाला बयान करार दे रहे हैं। पुलिस प्रशासन ने सभी पक्षों से शांति बनाए रखने और जिम्मेदारी से बयान देने की अपील की है।








