भिवंडी तालुका और उसके ग्रामीण इलाकों में सोमवार सुबह घने कोहरे की चादर छा गई। तड़के से ही पूरे क्षेत्र में दृश्यता काफी कम हो गई, जिससे वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। भिवंडी–वाड़ा रोड पर हालात सबसे ज्यादा गंभीर नजर आए, जहां कुछ मीटर से आगे का रास्ता दिखाई नहीं दे रहा था।
कोहरे के कारण वाहन चालकों को दिन में भी गाड़ियों की हेडलाइट चालू रखनी पड़ी। खासकर दोपहिया वाहन चालकों और भारी वाहनों के ड्राइवरों को अत्यधिक सतर्कता बरतनी पड़ी। दृश्यता कम होने के चलते सुबह के समय कुछ देर के लिए यातायात की रफ्तार काफी धीमी हो गई। हालांकि, किसी बड़े हादसे की सूचना नहीं है, लेकिन प्रशासन ने नागरिकों से सावधानी बरतने की अपील की है।
ग्रामीण क्षेत्रों में कोहरे का असर खेतों और खुले इलाकों में अधिक देखने को मिला। सड़कों के किनारे लगे पेड़-पौधे और घर भी कोहरे में ढके नजर आए, जिससे पूरा इलाका सफेद चादर में लिपटा हुआ प्रतीत हुआ। स्कूल जाने वाले बच्चे, ऑफिस जाने वाले कर्मचारी और सब्जी मंडी पहुंचने वाले वाहन चालक सभी को कोहरे की वजह से देरी का सामना करना पड़ा।
जहां एक ओर कोहरे ने यातायात को प्रभावित किया, वहीं दूसरी ओर नागरिकों ने गुलाबी ठंड का आनंद भी लिया। ठंडी हवा और कोहरे से मौसम सुहावना बना रहा। स्थानीय लोगों का कहना है कि सर्दी की शुरुआत के साथ ही कोहरा बढ़ने लगा है और आने वाले दिनों में इसका असर और अधिक देखने को मिल सकता है।









