नवी मुंबई में नेताजी सुभाषचंद्र बोस की 120वीं जयंती पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की ओर से भव्य तिरंगा रैली आयोजित की गई। यह रैली 1111 फीट लंबी और 9 फीट चौड़ी थी, जिसमें 1800 से 3000 विद्यार्थियों ने उत्स्फूर्त भाग लिया।
रैली का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रभक्ति, जागरूकता और राष्ट्रीय चेतना को मजबूत करना था। इस कार्यक्रम में शहर की 20 स्कूलों और महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने भाग लिया। रैली की शुरुआत सेक्टर-28 स्थित ब्लू डायमंड सर्कल से हुई और एम.जी. कॉम्प्लेक्स तथा गावदेवी मंदिर मार्ग से होकर छत्रपती शिवाजी महाराज चौक तक गई, जहां श्रद्धालुओं ने शिवाजी महाराज को श्रद्धांजलि अर्पित की।
इसके बाद रैली ने यू-टर्न लेते हुए जैन मंदिर मार्ग से राजीव गांधी महाविद्यालय के प्रांगण में प्रवेश किया, जहां समापन समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर राजीव गांधी कॉलेज, आईसीएल महाविद्यालय, एनएमसी के स्कूल और आर.एफ. नायक एवं एफ.जी. नायक स्कूलों के विद्यार्थियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का मानना है कि युवा समाज परिवर्तन के प्रमुख माध्यम हैं। परिषद के अनुसार 2047 तक विकसित भारत का सपना साकार करने में स्कूल और महाविद्यालयों के विद्यार्थियों की अहम भूमिका होगी। इस कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं में देशभक्ति और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना जागृत करने का प्रयास किया गया।









