मुंबई:वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता अंजली दमानिया ने अजित पवार के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह घटना इतनी दुर्भाग्यपूर्ण है कि जब उन्होंने आज सुबह यह खबर सुनी, तो उन्हें अपने कानों पर विश्वास ही नहीं हुआ। दमानिया ने कहा कि ऐसा किसी के साथ भी नहीं होना चाहिए और इस खबर ने उन्हें भीतर तक झकझोर कर रख दिया है।
अंजली दमानिया ने कहा कि वे कई वर्षों तक अजित पवार के साथ न्यायालयीन लड़ाई लड़ती रहीं, लेकिन इस दौरान अजित पवार ने कभी भी गंदा या नकारात्मक राजनीति नहीं की। उन्होंने हमेशा मर्यादा, संयम और राजनीतिक शिष्टाचार बनाए रखा। दमानिया के अनुसार, राजनीतिक मतभेद और कानूनी संघर्ष के बावजूद अजित पवार का व्यवहार हमेशा सम्मानजनक रहा।
उन्होंने यह भी कहा कि जब वे अदालतों में वर्षों तक संघर्ष कर रही थीं, तब भी अजित पवार ने उन्हें कभी परेशान नहीं किया और न ही किसी प्रकार का दबाव बनाया। यह उनके व्यक्तित्व की सबसे बड़ी विशेषता थी। अंजली दमानिया ने उन्हें एक अच्छे और जिम्मेदार नेता के रूप में याद किया।
दमानिया ने कहा कि सुबह से ही यह खबर सुनने के बाद वे सदमे में हैं और इस क्षति को स्वीकार करना उनके लिए बेहद कठिन है। उनके अनुसार, अजित पवार जैसे नेता राजनीति में दुर्लभ होते हैं, जो विरोध के बावजूद व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं रखते।
उन्होंने अजित पवार को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनका योगदान और उनका स्वभाव हमेशा याद रखा जाएगा। उनके निधन से महाराष्ट्र की राजनीति को अपूरणीय क्षति हुई है।









