नागपुर। खुद को नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (एनआईए) का अधिकारी बताकर लोगों को गुमराह करने वाले एक शातिर युवक को क्राइम ब्रांच यूनिट-5 ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से फर्जी एनआईए पहचान पत्र, सरकारी लोगो लगे दस्तावेज और कार समेत करीब 3.25 लाख रुपये का माल जब्त किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, फरियादी हरसिमरनसिंह परविंदरसिंह भाटिया (43), निवासी गुरुनानकपुरा, पाचपावली ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़े हैं और अपने पिता के साथ पाम ग्रीन लॉन, कामठी रोड की देखरेख करते हैं। 27 जनवरी को शाम करीब 6 बजे उन्हें एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर खुद को बुटीबोरी का पुलिस निरीक्षक बताते हुए कहा कि चोरी गई एक कार फरियादी के लॉन के सामने खड़ी है। कॉल करने वाले ने बताया कि प्रल्हाद सिन्हा नामक एक व्यक्ति इस कार को लेने आने वाला है।
उक्त व्यक्ति के गाड़ी के पास आते ही जब फरियादी ने उससे पूछताछ की तो आरोपी ने खुद को एनआईए अधिकारी बताते हुए फर्जी पहचान पत्र दिखाया और बहाना बनाकर टाटा टियागो कार (क्रमांक डीएल-10-सीजी-6256) से वहां से निकल गया। संदेह होने पर फरियादी ने तुरंत पुलिस उपायुक्त (क्राइम) राहुल माकणीकर को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच यूनिट-5 की टीम ने तकनीकी जांच शुरू की और आरोपी की कार का पीछा करते हुए बुटीबोरी पुलिस की मदद से सातगांव, बुटीबोरी इलाके से आरोपी को वाहन समेत हिरासत में लिया। पंचनामा के दौरान आरोपी ने अपना नाम प्रल्हाद दिलीपकुमार सिन्हा (25), निवासी सातगांव, बुटीबोरी, जिला नागपुर बताया। तलाशी में उसके पास से भारत सरकार और लोगो लगा फर्जी पहचान पत्र, आधार कार्ड, पैन कार्ड, मतदाता पहचान पत्र, मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेज बरामद किए गए।
आरोपी के पास से जब्त किए गए कुल माल की कीमत लगभग 3.25 लाख रुपये बताई गई है। जांच में सामने आया है कि आरोपी खुद को लोकसेवक बताकर फर्जी दस्तावेजों के जरिए लोगों को ठगने की कोशिश कर रहा था। फरियादी की शिकायत पर यशोधरा नगर पुलिस थाने में आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी को जब्त माल सहित आगे की कार्रवाई के लिए यशोधरा नगर पुलिस के हवाले कर दिया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है। यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (डिटेंशन) राहुल माकणीकर तथा सहायक पुलिस आयुक्त नृपेंद्र शिहरे के मार्गदर्शन में क्राइम ब्रांच यूनिट-5 की टीम द्वारा की गई।









