लोकवाहिनी, संवाददाता,इंफाल। मणिपुर के उखरुल जिले में सोमवार दोपहर एक बार फिर हिंसा भड़क गई। अधिकारियों ने बताया कि यह हिंसा तब भड़की जब कथित तौर पर हथियारबंद बदमाशों ने लिटन सरखोग गांव में कई घरों को आग लगा दी। इस दौरान हमलावरों ने हवा में गोलियां भी चलाईं। इस डर से ग्रामीण अपना जरूरी सामान लेकर पड़ोसी जिले कांगपोकपी के सुरक्षित इलाकों में चले गए हैं। कई तांगखुल ग्रामीणों ने भी अपना घर छोड़ दिया है।
इस हिंसा की शुरुआत शनिवार रात को हुई थी। तब लिटन गांव में सात-आठ लोगों ने तांगखुल नागा समुदाय के एक व्यक्ति पर हमला किया था। हालांकि, पीड़ित पक्ष और गांव के मुखिया ने आपसी सहमति से मामला सुलझा लिया था। रविवार को इस पर एक बैठक होनी थी, लेकिन वह बैठक नहीं हो पाई। इसके बजाय, पास के सिशिकबंग गांव के लोगों ने लिटन सरखोग के मुखिया के घर पर हमला कर दिया।
खबरों के मुताबिक, ग्रामीणों ने पुलिस स्टेशन के पास फायरिंग भी की। रविवार रात को दो समूहों के बीच जमकर पत्थरबाजी हुई, जिसके बाद प्रशासन ने पाबंदी लगा दी।








