नागपुर। शहर के सदर फ्लाईओवर की दोषपूर्ण डिजाइन को सुधारने की दिशा में महा मेट्रो को बड़ी सफलता मिली है। सलाहकार संस्था द्वारा सुझाई गई नई डिजाइन को लगभग अंतिम रूप दे दिया गया है। नई डिजाइन के अनुसार अब यह फ्लाईओवर लिबर्टी टॉकीज से शुरू होकर आरबीआई पेट्रोल पंप के सामने उतरेगा। इससे सदर की ओर से आने वाले यात्रियों को रोड सिग्नलों पर रुकने की जरूरत नहीं पड़ेगी और यात्रा समय में काफी बचत होगी। साथ ही कस्तूरचंद पार्क और आरबीआई चौक पर लगने वाले ट्रैफिक जाम में भी कमी आने की उम्मीद है।
लगभग सात महीने के विचार-विमर्श के बाद महा मेट्रो ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के साथ चर्चा कर एक अंतिम डिजाइन विकल्प को आगे बढ़ाने की पहल की है। नई डिजाइन की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) तैयार की जा रही है, जिसे अगले 10 दिनों के भीतर केंद्रीय मंत्री के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
लंबाई बढ़ी, लागत में वृद्धि तय
महा मेट्रो अधिकारियों के अनुसार, पहले केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने इस परियोजना के लिए 36 करोड़ रुपये मंजूर किए थे। उस समय फ्लाईओवर को कस्तूरचंद पार्क में उतारने की योजना थी, लेकिन अब इसे आगे तक बढ़ाया जा रहा है। इससे फ्लाईओवर की लंबाई बढ़ेगी और लागत में भी वृद्धि होना तय है। नई DPR में बढ़ी हुई लागत का उल्लेख किया जाएगा और अतिरिक्त राशि को मंजूरी मिलने के बाद ही परियोजना पर काम शुरू होगा।
कम जमीन अधिग्रहण की जरूरत
अधिकारियों ने बताया कि पहले फ्लाईओवर की लैंडिंग कस्तूरचंद पार्क में प्रस्तावित थी, जिससे वहां जमीन अधिग्रहण करना पड़ता। नई डिजाइन में बदलाव के कारण कस्तूरचंद पार्क में केवल पिलर बनाए जाएंगे। फ्लाईओवर को पेट्रोल पंप के पास उतारने की योजना होने से जमीन की जरूरत काफी कम हो गई है, जिससे इस मद में लागत में कुछ कटौती भी संभव हुई है।









