लोकवाहिनी, संवाददाता,मुंबई। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के विधायक रोहित पवार ने मंगलवार को आरोप लगाया कि पिछले माह हुए उस विमान हादसे में साजिश का संदेह है, जिसमें उनके चाचा एवं महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार की मौत हो गई थी। उन्होंने विशेषज्ञ एजेंसियों द्वारा इस हादसे की विस्तृत जांच की मांग भी की। राकांपा (शप) प्रमुख शरद पवार ने, हालांकि, इस त्रासदी में किसी भी साजिश की आशंका को खारिज करते हुए इसे एक दुर्घटना करार दिया था।
रोहित पवार ने एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान विमान की कमान संभाल रहे कैप्टन सुमित कपूर के पिछले रिकॉर्ड पर सवाल उठाया और अतीत में शराब के सेवन के लिए उनके तीन साल के निलंबन का हवाला भी दिया। उन्होंने कहा कि अपराध जांच विभाग (सीआईडी) के पास इस हादसे की पूरी जांच करने का अधिकार नहीं है। इसके साथ ही उन्होंने विभिन्न विशेषज्ञ एजेंसियों द्वारा व्यापक जांच कराए जाने की मांग भी की, जिनमें भारतीय एजेंसियों के अलावा राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड (NTSB), नागरिक विमानन सुरक्षा जांच एवं विश्लेषण ब्यूरो, ब्रिटेन की विमान दुर्घटना जांच शाखा (AAIB) शामिल हों।
उन्होंने आगे आरोप लगाया कि दुर्घटनाग्रस्त ‘लियरजेट’ विमान की मालिकाना कंपनी ‘वीएसआर’ का डीजीसीए के अधिकारियों पर प्रभाव है और वह कुछ भी करके बच सकती है। रोहित पवार ने कहा कि वीएसआर कंपनी के एक विमान के 2023 में हुए हादसे की अंतिम जांच रिपोर्ट पहले ही पेश कर दी गई है।









