नई दिल्ली। अब साइबर ठगी करने वालों पर कसेगा शिकंजा। ठगी के इकोसिस्टम को खत्म करने के लिए सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सीबीआई की नई साइबर क्राइम ब्रांच का शुभारंभ किया। उन्होंने I4C (इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर) के S4C डैशबोर्ड को लॉन्च भी किया। इस मौके पर उन्होंने कहा, “सबसे पहले मैं सीबीआई और I4C को बधाई देता हूँ।”
अमित शाह ने कहा, “यह ऐसी यूनिट है जिसमें कई अलग-अलग विभाग और यूनिट एक प्लेटफॉर्म पर साइबर क्राइम को रोकने के लिए प्रयास कर रहे हैं। सभी के प्रयास एक ही दिशा में हैं, तभी इच्छित परिणाम मिलते हैं। 11 साल में हमारी जो डिजिटल यात्रा है, उसमें साइबर सिक्योरिटी सबसे ज्यादा जरूरी है। इसलिए ग्यारह साल की डिजिटल यात्रा को समझना पड़ेगा।”
उन्होंने कहा कि पहले 25 हजार यूजर्स थे, जो अब 100 करोड़ पार कर चुके हैं। 1 जीबी डेटा का रेट 97 प्रतिशत कम हुआ है। दुनिया में हर दूसरा डिजिटल ट्रांजैक्शन भारत में हो रहा है, जिन्हें हमें सुरक्षित करना है। 97 करोड़ से अधिक जनधन खाते हैं। साइबर सिक्योरिटी अब हमारे देश के संगठनों के डेटा से भी जुड़ी है, जिसे चुराकर हमारे देश के दुश्मनों को बेचने की कोशिश हो रही है।









