नई दिल्ली। पूर्व सेना अध्यक्ष मनोज मुकुंद नरवणे की किताब ‘फोर स्टार्स ऑफ डेस्टिनी’ पर राजनीति गरम हो गई है। वहीं अब नरवणे ने पेंगुइन के हवाले से अपनी किताब ‘फोर स्टार्स ऑफ डेस्टिनी’ का स्टेटस बताया है, जिसमें कहा गया है कि किताब की अभी कोई भी कॉपी नहीं छपी है। नरवणे ने पेंगुइन का पोस्ट शेयर करते हुए कहा कि किताब की मौजूदा स्थिति यही है।
दरअसल, किताब पर पेंगुइन इंडिया ने बयान जारी किया था। पेंगुइन ने कहा कि प्री-ऑर्डर का मतलब प्रकाशित होना नहीं है। औपचारिक रिलीज पर ही किताब प्रकाशित मानी जाती है। पेंगुइन इंडिया ने बयान जारी कर कहा, “नरवणे की किताब ‘फोर स्टार्स ऑफ डेस्टिनी’ पर हालिया चर्चा और मीडिया रिपोर्टों के मद्देनजर पेंगुइन इंडिया यह स्पष्ट करना चाहता है कि भारतीय सेना के पूर्व प्रमुख जनरल मनोज मुकुंद नरवणे की किताब के प्रकाशन अधिकार हमारे पास हैं। हम यह स्पष्ट करना चाहते हैं कि किताब का प्रकाशन अभी तक नहीं हुआ है। पेंगुइन इंडिया द्वारा किताब की कोई भी कॉपी (प्रिंट या डिजिटल) किसी भी माध्यम से जनता के लिए उपलब्ध नहीं कराई गई है।”









