लंबे आंदोलन के बाद जय किसान व्यापारी वेलफेयर एसोसिएशन को बड़ी जीत
अवधेश शुक्ला ने व्यापारियों की एकता और संघर्ष की सफलता बताई
संगठन ने भविष्य की रणनीति और व्यापारियों के हितों की रक्षा का संदेश दिया
नागपुर की कलमना सब्जी मार्केट में आज होली से पहले ही होली जैसा माहौल देखने को मिला। हजारों की संख्या में महिला और पुरुष व्यापारी रंगों में रंगे नजर आए। ढोल-ताशों और जोशीले नारों के बीच करीब तीन घंटे तक विजय जुलूस निकाला गया। पूरा बाजार जश्न के रंग में डूबा दिखाई दिया।
करीब एक महीने की लंबी हड़ताल के बाद मिली इस सफलता ने व्यापारियों में नया उत्साह भर दिया है। आंदोलन के दौरान एक बड़ा बदलाव भी सामने आया—पुराने अड़तियों के एसोसिएशन के सभी सदस्यों ने सामूहिक रूप से त्यागपत्र दे दिया। अब मार्केट में केवल एक ही संगठन, जय किसान व्यापारी वेलफेयर एसोसिएशन, सक्रिय रहेगा।
संस्था के अध्यक्ष अवधेश शुक्ला ने कहा कि यह जीत संविधान के मार्ग पर चलकर और एकता बनाए रखकर हासिल की गई है। उन्होंने जोर देकर कहा कि जब-जब व्यापारियों पर अन्याय होगा, सभी साथी मिलकर संघर्ष करेंगे। वहीं संस्था के संस्थापक विनोद लोखंडे ने कहा कि संगठन अपने लक्ष्य में सफल रहा है और आगे की रणनीति बनाकर सभी व्यापारियों को साथ लेकर चलेगा।
व्यापारियों और कार्यकर्ताओं ने जीत की खुशी में हर्षोल्लास के साथ जुलूस निकाला और पूरे बाजार में जश्न का माहौल बना। व्यापारियों का कहना है कि यह सफलता उनकी एकता, संघर्ष और धैर्य का परिणाम है। लंबे आंदोलन के बाद मिली इस जीत ने पूरे मार्केट में नई ऊर्जा भर दी है और भविष्य में व्यापारियों के अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए एक मजबूत संदेश भेजा है।







