900 बोगस संस्थाओं की मान्यता रद्द, 363 पर एक साल में कार्रवाई
फर्जी विद्यार्थियों के नाम पर अनुदान लेने का आरोप
अनुदान की विस्तृत जांच के संकेत, प्रशासन का सख्त संदेश
राज्य में दिव्यांग कल्याण विभाग के सचिव तुकाराम मुंढे की संभावित बदली को लेकर चर्चा तेज हो गई है। खबर है कि यदि उन्हें दिव्यांग कल्याण मंत्रालय के सचिव पद से हटाया गया तो राज्यभर के दिव्यांग संगठन सड़क पर उतर सकते हैं। दिव्यांगों के अधिकारों और लंबित मुद्दों को लेकर समर्थकों ने आंदोलन की चेतावनी दी है।
इसी बीच तुकाराम मुंढे द्वारा की गई बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई चर्चा का केंद्र बनी हुई है। विभागीय जांच के बाद दिव्यांगों के नाम पर अनुदान लेने वाली 900 बोगस संस्थाओं की मान्यता रद्द कर दी गई है। इनमें से 363 संस्थाओं पर पिछले एक वर्ष में कार्रवाई की गई। आरोप है कि कई संस्थाएं कागजों पर फर्जी विद्यार्थी दिखाकर सरकारी अनुदान हड़प रही थीं।
सबसे अधिक कार्रवाई छत्रपती संभाजीनगर विभाग में हुई, जहां 103 संस्थाओं की नोंदणी रद्द की गई। विभाग ने स्पष्ट किया है कि केवल नोंदणी रद्द करना ही अंतिम कदम नहीं है, बल्कि इन संस्थाओं द्वारा लिए गए अनुदान की भी विस्तृत जांच की जाएगी।
मुंढे की इस कार्रवाई को पारदर्शी और सख्त प्रशासनिक कदम के रूप में देखा जा रहा है। समर्थकों का कहना है कि दिव्यांगों के अधिकारों पर गदा डालने वालों के खिलाफ यह कड़ा संदेश है। वहीं, संभावित बदली की खबरों ने राजनीतिक और सामाजिक हलकों में नई चर्चा छेड़ दी है।
अब सभी की नजर इस बात पर है कि सरकार इस मामले में क्या निर्णय लेती है और आगे की प्रशासनिक दिशा क्या होगी।







