नागपुर, संवाददाता:अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने गुरुवार को राष्ट्रसंत तुकड़ोजी महाराज नागपुर विश्वविद्यालय में चल रही अनियमितताओं और अव्यवस्था के विरोध में जोरदार ‘धड़क मोर्चा’ निकाला।
यह मार्च रवि नगर मैदान से शुरू होकर विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार तक पहुंचा, जहां छात्रों ने नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। इस आंदोलन में नागपुर, भंडारा, गोंदिया और वर्धा जिलों से आए हजारों छात्र शामिल हुए। मोर्चे का नेतृत्व विदर्भ प्रांत मंत्री पायल किनाके ने किया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में छात्रों से संबंधित कई गंभीर समस्याएं लगातार अनदेखी की जा रही हैं। उनके अनुसार प्रवेश प्रक्रिया में अत्यधिक देरी की जा रही है।
अधूरे पाठ्यक्रम के बावजूद परीक्षा आयोजित की जाती है। स्थायी शिक्षकों की भर्ती वर्षों से लंबित है। पात्रता मानदंडों की अनदेखी कर अस्थायी शिक्षकों की नियुक्तियां की जा रही हैं। विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) का भी समुचित क्रियान्वयन नहीं हो पा रहा है।









