मुंबई। अहिल्यानगर (अहमदनगर) के लोणी क्षेत्र में 13 वर्षीय स्कूली छात्रा पर हुए एसिड हमले की घटना से पूरा राज्य स्तब्ध है। इस घटना को लेकर कांग्रेस ने बुधवार को विधानसभा में राज्य सरकार की जमकर आलोचना की और यहाँ कानून व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति का आरोप लगाया।
कांग्रेस विधायक दल के नेता विजय वडेट्टीवार ने अहिल्यानगर जिले में हुई कथित घटना को बेहद परेशान करने वाली बताते हुए सरकार पर महिलाओं और नाबालिग लड़कियों के खिलाफ अपराधों पर अंकुश लगाने में विफल रहने का आरोप लगाया। विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने इस मामले का संज्ञान लिया और सरकार को निर्देश दिया कि वह इस घटना पर सदन में जल्द से जल्द विस्तृत बयान पेश करे।
विपक्ष के सवालों का जवाब देते हुए अहिल्यानगर के पालक मंत्री राधाकृष्ण विखे-पाटिल ने कहा कि आरोपी को किसी भी हालत में छोड़ा नहीं जाएगा और उसे कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी। साथ ही पीड़ित बच्ची को ‘मनोधैर्य’ योजना के तहत त्वरित आर्थिक सहायता देने के निर्देश भी प्रशासन को दिए गए हैं।
वडेट्टीवार ने स्थगन प्रस्ताव के माध्यम से इस मुद्दे को उठाते हुए तत्काल चर्चा की मांग की और दावा किया कि नाबालिग की हालत गंभीर है तथा आरोपियों को अब तक गिरफ्तार नहीं किया गया है। उन्होंने सवाल उठाया कि इतने गंभीर अपराध को अंजाम देने के बाद आरोपी कैसे फरार हो गए? कांग्रेस नेता ने स्थानीय पुलिस के कामकाज की भी आलोचना करते हुए अकर्मण्यता और भ्रष्टाचार का आरोप लगाया तथा कहा कि इस तरह की कमियां अपराधियों को और बेखौफ बनाती हैं।
कांग्रेस के सदस्य नाना पटोले ने लड़की को मुंबई लाए जाने और उसे मुफ्त में बेहतर चिकित्सा देखभाल प्रदान किए जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि लड़की के चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं जिनका असर उसके भविष्य पर पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि यह घटना प्रशासन की छवि को धूमिल करती है और अपराधियों को पकड़ने में विफलता ने नागरिकों और पीड़ित परिवार के बीच चिंता बढ़ा दी है।








