जयकुमार गोरे का दावा – भाजपा कार्यकर्ताओं को बनाया गया निशाना
सातारा की हार स्वीकार, संगठन को बताया असली ताकत
सोलापुर जिले की राजनीति में उस समय हलचल मच गई जब भाजपा नेता जयकुमार गोरे ने पूर्व विधायक राम सातपुते की हत्या की साजिश रचे जाने का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि माळशिरस क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट और धमकी की घटनाएं सामने आई हैं। गोरे के अनुसार, जिस तरह से भाजपा को मत मिले, उससे नाराज होकर कुछ लोगों ने कार्यकर्ताओं को निशाना बनाया। उन्होंने यह भी कहा कि राम सातपुते पर हमले की कोशिश हुई और इस पूरी घटना के पीछे सुनियोजित साजिश होने की जानकारी मिल रही है।
गोरे ने स्पष्ट किया कि मामले की जांच पुलिस कर रही है और जांच के बाद सच्चाई सामने आएगी। “कौन गुंडा है, यह जल्द ही स्पष्ट होगा,” ऐसा कहते हुए उन्होंने विरोधियों पर पलटवार किया।
रोहित पवार द्वारा अजित पवार के संदर्भ में जांच की मांग पर गोरे ने कहा कि जांच अवश्य होनी चाहिए। विमान दुर्घटना की जांच जारी है और ब्लैक बॉक्स मिलने के कारण इस पर अधिक टिप्पणी करना उचित नहीं है।
सातारा में मिली हार पर प्रतिक्रिया देते हुए गोरे ने पराजय स्वीकार की। उन्होंने कहा कि सोलापुर पर अधिक ध्यान देने के कारण सातारा की ओर कुछ हद तक दुर्लक्ष हुआ, लेकिन यही एकमात्र कारण नहीं है। उन्होंने कहा कि राजनीति में हार-जीत चलती रहती है और संगठन ही भाजपा की असली ताकत है।









