लोकवाहिनी संवाददाता;अमरावती। महाराष्ट्र के अमरावती जिले में राज्य के पूर्व मंत्री ओमप्रकाश उर्फ बच्चू कडू के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक विधायक के भाई की हत्या की साजिश रचने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
बच्चू कडू के खिलाफ दुर्घटना का बहाना बनाकर हत्या की साजिश रचने का गंभीर मामला दर्ज किया गया है। अमरावती ग्रामीण पुलिस ने चांदूर बाजार में बच्चू कडू और उनके सहयोगी शुभम उर्फ गोलू माहौरे के खिलाफ यह कार्रवाई की है।
यह शिकायत अचलपुर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक प्रवीण तायडे के भाई अभिजीत तायडे द्वारा दर्ज कराई गई है। तक्रारकर्ता (शिकायतकर्ता) अभिजीत तायडे (40) ने आरोप लगाया है कि उनके खिलाफ दुर्घटना करवाकर जान लेने की साजिश रची गई थी, जिसमें बच्चू कडू और उनका एक साथी शामिल है।
शिकायतकर्ता ने पुलिस को मोबाइल बातचीत की रिकॉर्डिंग भी सबूत के तौर पर सौंपी है। यह रिकॉर्डिंग पेनड्राइव में जमा कराई गई है, जिसे पुलिस ने जाँच के लिए अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कडू समेत दो लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 55, 58 और 61 के तहत केस दर्ज किया है।








