दावोस निवेश को लेकर प्रकाश आंबेडकर का फडणवीस पर तीखा हमला
अकोला नगर निगम में प्रस्तावित भाजपा विरोधी महागठबंधन को लेकर वंचित बहुजन आघाड़ी के नेता प्रकाश आंबेडकर ने बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि इस गठबंधन में किसी भी प्रकार के मतभेद नहीं हैं और सभी घटक दल एकजुट होकर चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं। आंबेडकर ने यह भी स्पष्ट किया कि आने वाले पांच वर्षों के लिए गठबंधन का रोडमैप तय कर लिया गया है।
प्रकाश आंबेडकर ने कहा कि यदि भविष्य में किसी मुद्दे पर मतभेद उत्पन्न होते हैं, तो उन्हें आपसी चर्चा और संवाद के माध्यम से सुलझाया जाएगा। उनका कहना है कि अकोला नगर निगम में भाजपा को सत्ता से दूर रखने के लिए सभी दलों में सहमति बनी हुई है।
इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के दावोस दौरे पर भी तीखा हमला बोला। आंबेडकर ने आरोप लगाया कि दावोस जाकर मुख्यमंत्री ने केवल “मटका” खेला है और राज्य को 30 लाख करोड़ रुपये के निवेश का दावा किया जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि यह निवेश वास्तव में किन जिलों में आया है और इससे महाराष्ट्र में कौन-कौन से विकास कार्य हुए हैं।
आंबेडकर ने मुख्यमंत्री से मांग की कि वे दावोस दौरे के बाद हुए निवेश का जिला-वार विवरण सार्वजनिक करें। उन्होंने कहा कि केवल बड़े आंकड़े बताने से जनता को राहत नहीं मिलेगी, बल्कि जमीन पर विकास दिखना चाहिए।
प्रकाश आंबेडकर के इन बयानों से अकोला की राजनीति में हलचल तेज हो गई है और आगामी महापालिका चुनावों में भाजपा विरोधी गठबंधन की रणनीति पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।








