सिर्फ गांधी नहीं, छत्रपति की तलवार भी निकलेगी
अमरावती:अमरावती जिले में चल रही ‘मेलघाट संघर्ष महापदयात्रा’ का आज चौथा दिन है। प्रहार जनशक्ति पार्टी के नेता बच्चू कडू के नेतृत्व में यह पदयात्रा विभिन्न मांगों को लेकर जारी है। यात्रा के दौरान उन्होंने प्रशासन को कड़ा इशारा देते हुए कहा कि उनकी शांतिपूर्ण भूमिका को कमजोरी न समझा जाए।
बच्चू कडू ने कहा, “हमारे दिमाग में सिर्फ गांधी ही हैं ऐसा मत समझिए, जरूरत पड़ी तो छत्रपति की तलवार भी निकल सकती है।” उनके इस बयान से आंदोलन ने तीखा रूप ले लिया है।उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल बैठकें करने से काम नहीं चलेगा। यदि ठोस निर्णय नहीं लिया गया तो आज रातभर और कल पूरे दिन वन विभाग के कार्यालय का घेराव किया जाएगा।
पदयात्रा जारीदा पहुंचने के बाद वन विभाग कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया जाएगा। कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या यात्रा में शामिल हो रही है, जिससे प्रशासन पर दबाव बढ़ता दिख रहा है। यात्रा के चौथे दिन भी समर्थकों का उत्साह कायम है। स्थानीय नागरिकों ने भी विभिन्न मांगों के समर्थन में आवाज उठाई है।
प्रशासन की ओर से अब तक केवल चर्चा की पहल की गई है, लेकिन ठोस आश्वासन न मिलने पर आंदोलन और उग्र होने के संकेत मिल रहे हैं। बच्चू कडू ने दो टूक कहा कि जब तक मांगों पर स्पष्ट फैसला नहीं होगा, तब तक संघर्ष जारी रहेगा। आने वाले 24 घंटे इस आंदोलन की दिशा तय कर सकते हैं।








