नागपूर:नागपुर में भाजपा नेता और राज्य के राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुळे ने विपक्ष पर तीखा हमला करते हुए कहा कि “सोने की चम्मच से बादाम का जूस पीकर आए लोग विकास की बात नहीं कर सकते।” उन्होंने यह बयान ठाकरे गुट और विपक्षी नेताओं पर निशाना साधते हुए दिया।
जिला परिषद चुनाव को लेकर चुनाव आयोग द्वारा समय मांगे जाने पर बावनकुळे ने कहा कि आयोग ने किस आधार पर समय लिया, इसकी उन्हें स्पष्ट जानकारी नहीं है। फरवरी में दसवीं-बारहवीं की परीक्षाएं, हाल ही में संपन्न चुनाव, बजट सत्र और चुनावी मैनपावर प्लानिंग जैसी वजहों से देरी हो सकती है। साथ ही ओबीसी आरक्षण के मुद्दे पर सरकार अपना पक्ष अदालत में रखेगी, जहां 31 जनवरी तक की मोहलत दी गई है।
राज ठाकरे द्वारा मुख्यमंत्री को लेकर की गई टिप्पणी पर बावनकुळे ने कहा कि भावनात्मक मुद्दे उठाकर जनता को भ्रमित करने की कोशिश की जा रही है ताकि विकास का एजेंडा पीछे चला जाए। उन्होंने कहा कि राज और उद्धव ठाकरे की प्रचार रणनीति भटक चुकी है, इसी कारण उनकी पार्टियां लगातार कमजोर हो रही हैं।
उद्धव ठाकरे और आदित्य ठाकरे पर निशाना साधते हुए बावनकुळे ने कहा कि ढाई साल जनता ने दोनों को देखा है, इसलिए अब उस पर बोलना ही बेकार है। आदित्य ठाकरे की मिमिक्री और तुलना पर उन्होंने सवाल उठाया कि क्या आदित्य ठाकरे की तुलना देवेंद्र फडणवीस से की जा सकती है, और क्या यह जनता को स्वीकार है?
‘लाडकी बहिण’ योजना को लेकर कांग्रेस पर हमला करते हुए बावनकुळे ने कहा कि कांग्रेस हमेशा महिलाओं के खिलाफ रही है और इस योजना का विरोध कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह योजना आचार संहिता का उल्लंघन नहीं करती और इसे बंद नहीं किया जाएगा।
मुंबई और विदर्भ को लेकर उन्होंने कहा कि आने वाले चुनावों में विकास ही मुख्य मुद्दा रहेगा और भाजपा को हर जगह सफलता मिलेगी।









