लाडकी बहिण योजना बंद नहीं होगी: बावनकुले
छत्रपति संभाजीनगर:छत्रपति संभाजीनगर में आयोजित एक पत्रकार परिषद में महाराष्ट्र के मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता चंद्रशेखर बावनकुले ने राज्य की राजनीति, जिला परिषद चुनाव, विभिन्न आरोपों और सरकारी योजनाओं पर खुलकर अपनी बात रखी। बावनकुले ने दावा किया कि महाराष्ट्र की 12 जिला परिषदों में भाजपा और महायुति को स्पष्ट बहुमत मिलेगा। उन्होंने कहा कि मराठवाड़ा की जनता भाजपा और महायुति के साथ मजबूती से खड़ी है और यदि जिला परिषद में महायुति सत्ता में आती है, तो सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ जनता को मिलेगा।
रोहित पवार के ट्वीट पर प्रतिक्रिया देते हुए बावनकुले ने कहा कि जनता से समर्थन मांगना ठीक है, लेकिन प्रचार के दौरान किसी भी दिवंगत नेता या पार्टी के खिलाफ गलत बयानबाजी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि कार्यकर्ताओं का मनोबल बनाए रखने के लिए वे स्वयं और पंकजा मुंडे प्रचार में सक्रिय हैं, वहीं मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी कुछ सभाएं रद्द की हैं।
अधिस्वीकृत सदस्यों में बदलाव को लेकर बावनकुले ने कहा कि इसके लिए अधिनियम में संशोधन जरूरी है। जिला परिषद में 10 निर्वाचित सदस्यों पर 1 अधिस्वीकृत सदस्य और पंचायत समिति में 5 सदस्यों पर 1 अधिस्वीकृत सदस्य को मान्यता देने का प्रस्ताव है, जिसे आगामी सत्र में मंजूरी मिलने की संभावना है।
लाडकी बहिण योजना पर उन्होंने भरोसा दिलाया कि 31 मार्च से पहले सभी लाभार्थियों को अनुदान मिलेगा और योजना बंद नहीं होगी। मुंबई महामार्ग बंद मामले, पार्थ पवार प्रकरण, नाशिक की गायरान जमीन और चंद्रपुर राजनीति पर भी उन्होंने स्थिति स्पष्ट की।









