मंत्रालय के परिपत्र से खत्म हुई रायगढ़ की राजनीतिक खींचतान
रायगढ़: रायगढ़ जिले के मुख्यालय अलीबाग में इस वर्ष गणतंत्र दिवस के अवसर पर होने वाले शासकीय ध्वजारोहण का सम्मान रोजगार गारंटी एवं फलोत्पादन मंत्री भरत गोगावले को दिया गया है। इस संबंध में मंत्रालय के सामान्य प्रशासन विभाग ने आधिकारिक परिपत्र जारी कर जानकारी दी है।
रायगढ़ जिले में पालकमंत्री पद फिलहाल रिक्त है। ऐसे में अलीबाग में 26 जनवरी को ध्वजारोहण कौन करेगा, इसे लेकर पिछले कुछ दिनों से शिवसेना (शिंदे गुट) और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजित पवार गुट) के बीच खींचतान चल रही थी। राजनीतिक गलियारों में इस मुद्दे को लेकर चर्चाएं तेज थीं।
पिछले वर्ष गणतंत्र दिवस और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रवादी कांग्रेस की मंत्री आदिती तटकरे को अलीबाग में ध्वजारोहण का अवसर मिला था। उस समय मंत्री भरत गोगावले ने नाराज़गी जाहिर की थी, हालांकि उन्होंने वरिष्ठ नेतृत्व के निर्णय को स्वीकार करने की बात कही थी।
इस वर्ष मंत्रालय ने सीधे परिपत्र जारी कर मंत्री भरत गोगावले के नाम की घोषणा की है। इससे शिवसेना (शिंदे गुट) के कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल है। उनका कहना है कि लंबे समय बाद पार्टी को यह सम्मान मिलने से रायगढ़ जिले में संगठन को मजबूती मिलेगी।
अलीबाग में होने वाले गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में हैं और मंत्री भरत गोगावले की उपस्थिति को लेकर प्रशासन भी सक्रिय नजर आ रहा है। इस निर्णय को जिले की राजनीतिक संतुलन की दृष्टि से भी अहम माना जा रहा है।









