शहर के सात पेट्रोल पंपों पर पर्याप्त ईंधन उपलब्ध
अंतरराष्ट्रीय माहौल में तेल की कीमतों में संभावित वृद्धि और आखाती देशों में जारी तनाव के बीच भिवंडी शहर में पेट्रोल और डीज़ल की आपूर्ति पूरी तरह सुचारू बनी हुई है। शहर में मौजूद लगभग सात पेट्रोल पंपों पर ईंधन का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। स्थानीय पेट्रोल पंप संचालक मनप्रीत सिंह ने बताया कि सभी पंप नियमित रूप से कार्यरत हैं और फिलहाल किसी प्रकार की ईंधन की कमी की स्थिति नहीं है।
हालांकि कुछ नागरिकों में अफवाहों के कारण ईंधन की कमी को लेकर चिंता देखने को मिल रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अभी तक ऐसी कोई आपात स्थिति नहीं उत्पन्न हुई है और कोई आधिकारिक चेतावनी भी जारी नहीं की गई है। पेट्रोल पंप संचालकों ने भी नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और आवश्यकता से अधिक ईंधन जमा करने से बचें। उन्होंने कहा कि केवल आवश्यक मात्रा में ही ईंधन की खरीदारी करें ताकि किसी प्रकार की अनावश्यक भीड़ या आपूर्ति संकट न उत्पन्न हो।
भिवंडी महानगरपालिका के अधिकारियों ने भी स्थिति पर नजर रखने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि शहर में ईंधन की पर्याप्त उपलब्धता बनी हुई है और जनता को किसी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। प्रशासन लगातार आपूर्ति की निगरानी कर रहा है और किसी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
इस प्रकार भिवंडी में ईंधन आपूर्ति पूरी तरह सुरक्षित और नियमित है, और जनता से अपील की गई है कि वे अफवाहों में नहीं आएँ और संयम के साथ ईंधन की खरीदारी करें।












